(के. जे. एम. वर्मा)
बीजिंग, नौ अप्रैल (भाषा) चीन के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि ईरान व अमेरिका-इजराइल युद्ध के दौरान चीनी कंपनियों ने ईरानी सेना को उपग्रह चित्र और सेमीकंडक्टर चिप निर्माण उपकरण उपलब्ध कराए थे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता झांग शियाओगांग ने कहा कि चीन संबंधित पक्षों द्वारा भ्रामक दुष्प्रचार का कड़ा विरोध करता है।
वह उन खबरों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे जिनमें कहा गया था कि ‘सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन’ (एसएमआईसी) ने ईरानी सेना को चिप निर्माण उपकरण प्रदान किए थे और एक चीनी वाणिज्यिक उपग्रह कंपनी ने मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की तस्वीरें जारी की थीं।
झांग ने कहा कि चीन ने अमेरिकी अधिकारियों के उन बयानों को दृढ़ता से खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया गया था कि वे ईरान की मदद के लिए चीन और रूस के कदमों से अवगत थे।
झांग ने कहा, ‘ईरान मुद्दे पर चीन का रुख स्पष्ट और सीधा है। हमने हमेशा वस्तुनिष्ठ और निष्पक्ष रुख अपनाया है।’ उन्होंने यह भी कहा कि चीन ने शांति वार्ता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं और ‘कभी भी आग में घी नहीं डाला है।’
सरकारी समाचार पत्र ‘चाइना डेली’ ने उनके हवाले से कहा, ‘कौन कह कुछ रहा है व कर कुछ और रहा है, कौन दुनिया भर में युद्ध और संघर्ष पैदा कर रहा है? अंतरराष्ट्रीय समुदाय इसे स्पष्ट रूप से देख रहा है।’
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश