वाशिंगटन, 28 अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने जिमी किमेल के एक आपत्तिजनक मजाक को लेकर ‘एबीसी’ से उन्हें नौकरी से निकालने की मांग की है।
किमेल ने दरअसल, पिछले हफ्ते मजाक करते हुए कहा था कि मेलानिया के चेहरे पर ‘‘विधवा होने का इंतजार कर रही महिला जैसी चमक है।’’
यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को ‘जिमी किमेल लाइव’ के दौरान की गई थी।
मेलानिया ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘किमेल जैसे लोगों को हर शाम (टीवी के जरिए) घरों में घृणा फैलाने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए।’’
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी बाद में इसी बात को दोहराया।
इस मामले पर एबीसी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
किमेल अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लंबे समय से राष्ट्रपति ट्रंप को निशाना बनाते रहे हैं तथा पिछले साल प्रशासन के साथ टकराव के बाद उन्होंने अपनी टिप्पणियों को और तीखा कर दिया।
रूढ़िवादी नेता चार्ली किर्क की हत्या पर की गई एक टिप्पणी के बाद एबीसी ने उन्हें निलंबित कर दिया था और नेटवर्क के कुछ सहयोगी चैनलों ने भी उनका शो बंद करने का फैसला किया था।
ट्रंप के संघीय संचार आयोग (एफसीसी) के प्रमुख ब्रेंडन कार ने इन कदमों का समर्थन किया था। हालांकि, बाद में एबीसी और उससे जुड़े चैनलों ने किमेल को वापस ले लिया।
एपी खारी सिम्मी अविनाश
अविनाश