पेशावर, 28 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोने के कथित अवैध खनन को लेकर दो विरोधी गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कम से कम चार लोग मारे गये तथा कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के नौशेरा जिले के निजामपुर क्षेत्र में सोमवार को हुई।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दो स्थानीय गुटों के बीच झड़प के दौरान गोलीबारी होने की वजह पूरे इलाके में डर और दहशत फैल गयी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकारियों ने एक गुट के 17 वर्षीय लड़के महरान की मौत की पुष्टि की है।
पुलिस ने आगे बताया कि इस हिंसा में दूसरे गुट के तीन सदस्य भी मारे गये, जबकि कम से कम तीन अन्य घायल हो गये।
उसके मुताबिक, यह घटना इलाके में सोने की खदान में अवैध खनन के दौरान हुई, जो बाद में दोनों गुटों के बीच एक जानलेवा टकराव में बदल गयी।
एहतियात के तौर पर मस्जिदों से निवासियों को घरों के अंदर रहने के लिए कहा गया तथा आसपास के विद्यालयों में बच्चों को अंदर ही रखा गया।
इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा मनीषा
मनीषा