सोफिया, 10 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को बुल्गारिया के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत की और व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
दस-ग्यारह जून से बुल्गारिया और फ़िनलैंड के दो देशों के दौरे पर गए जयशंकर ने बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव से मुलाक़ात की और बाल्कन देश की सरकार और वहां के लोगों तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश पहुंचाया।
मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने अपने ‘‘मजबूत द्विपक्षीय संबंधों’’, भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी के मजबूत होने से बने हालिया मौकों और लगातार अस्थिर होते वैश्विक माहौल में ‘‘जोखिम कम करने और विविधता लाने’’ के लिए भारत-बुल्गारिया के बीच करीबी सहयोग की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बातचीत में ‘‘व्यापार और निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर, एआई, अंतरिक्ष, रक्षा, आवागमन, पर्यटन और क्रिएटिव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में सहयोग को और गहरा करने’’ पर चर्चा हुई।
सोफिया में अपने कार्यक्रमों का समापन करने के बाद विदेश मंत्री बृहस्पतिवार को फिनलैंड की यात्रा पर जाएंगे।
भाषा आशीष रंजन
रंजन