समझौता करने के लिए बेताब है ईरान: ट्रंप

Ads

समझौता करने के लिए बेताब है ईरान: ट्रंप

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 11:07 AM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 11:07 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वॉशिंगटन, एक मई (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘‘समझौता करने को बेताब’’ है और उन्होंने हवाई हमलों को फिर से शुरू करने की संभावना को लगभग खारिज कर दिया।

ट्रंप ने बृहस्पतिवार दोपहर ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का कार्यालय) में मीडिया से बातचीत के दौरान ये टिप्पणियां की। ट्रंप ने ये टिप्पणियां ऐसे समय में कीं जब ईरान ने धमकी दी है कि यदि अमेरिका ने फिर हमले किए तो वह भी हमले कर जवाबी कार्रवाई करेगा।

अमेरिका और ईरान ने आठ अप्रैल को युद्धविराम पर सहमति जताई थी तब से युद्ध अस्थायी रूप से रुका हुआ है।

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह पुन: हमले करेंगे तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हमें इसकी जरूरत है।’

अमेरिका के राष्ट्रपति ने दावा किया कि सैन्य कार्रवाई ने ईरान की क्षमताओं को काफी हद तक कमजोर कर दिया है।

उन्होंने कहा, “उनकी नौसेना खत्म हो गई है। उनकी वायुसेना खत्म हो गई है… उनके करीब 82 प्रतिशत ड्रोन कारखाने ठप हो गए हैं। उनके मिसाइल उत्पादन पर भी असर पड़ा है। उनके मिसाइल कारखाने लगभग 90 प्रतिशत तक ठप हो गए हैं।”

ट्रंप ने कहा कि ‘हमने उनकी परमाणु क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया है’ और होर्मुज जलडमरूमध्य की ‘‘अमेरिकी नाकाबंदी के परिणामस्वरूप ईरानी अर्थव्यवस्था चरमरा’’ रही है।

उन्होंने कहा, “उन्हें तेल से कोई मुनाफा नहीं मिल रहा है।’’

ट्रंप ने कहा, “ईरान समझौता करने के लिए बेताब है।’’

उन्होंने कहा कि युद्धरत पक्षों के बीच बातचीत की स्थिति की जानकारी केवल कुछ ही लोगों को है।

उन्होंने कहा, “मेरे और कुछ अन्य लोगों के अलावा किसी को नहीं पता कि बातचीत की क्या स्थिति है।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध सहित आठ युद्धों को रोका है।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी