पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चौकी पर हमला नाकाम, एक आतंकवादी ढेर

Ads

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चौकी पर हमला नाकाम, एक आतंकवादी ढेर

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 03:48 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 03:48 PM IST

पेशावर, 29 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षाबलों ने बुधवार तड़के पुलिस चौकी पर किए गए हमले को नाकाम करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने बन्नू जिले में मजांगा पुलिस चौकी पर हमला किया।

पाकिस्तान के दैनिक समाचारपत्र ‘डॉन’ की खबर के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया जबकि कई अन्य घायल हो गए।

खबर के मुताबिक घायल हमलावरों को उनके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस चौकी पर हुए हमले में मामूली रूप से घायल एक कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस ने घटनास्थल से मैगजीन और हथगोले सहित हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं।

पुलिस की ओर से रविवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार 2026 की पहली तिमाही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में विभिन्न घटनाओं में 115 से अधिक सुरक्षाकर्मी और 85 आतंकवादी मारे गए हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश