होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना अमेरिका के साथ वार्ता के परिणामों पर निर्भर करेगा: ईरानी राजदूत

Ads

होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना अमेरिका के साथ वार्ता के परिणामों पर निर्भर करेगा: ईरानी राजदूत

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:27 PM IST

(के जे एम वर्मा)

बीजिंग, आठ अप्रैल (भाषा) ईरान के एक वरिष्ठ राजनयिक ने बुधवार को कहा कि उनका देश दो सप्ताह के युद्धविराम के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को गुजरने की अनुमति देगा, लेकिन भविष्य में इसे पूरी तरह से खोलने का कोई भी निर्णय अमेरिका के साथ शांति वार्ता के परिणामों पर निर्भर करेगा।

चीन में ईरान के राजदूत अब्दुलरेजा रहमानी फजली ने यहां मीडिया को बताया कि 3,000 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ईरान दबाव कम करने और जहाजों को गुजरने देने के लिए कदम उठाएगा, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से खोला जा सकेगा या नहीं, यह बातचीत के नतीजों पर निर्भर करेगा।’’

उन्होंने कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए पारगमन शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। फजली ने कहा कि तेहरान दुनिया के अन्य समुद्री मार्गों के लिए लगने वाले शुल्कों का संदर्भ लेगा, लेकिन अभी तक उसने कोई विस्तृत योजना तय नहीं की है।

हांगकांग के अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने फजली के हवाले से कहा, ‘‘सैकड़ों वर्षों से ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य का गारंटर रहा है, और हमने कभी कोई शुल्क नहीं लिया, लेकिन किसी भी देश ने ईरान के योगदान और महत्व को कभी मान्यता नहीं दी।’’

उन्होंने कहा कि ईरान जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी देशों के साथ मिलकर काम करेगा, लेकिन ‘‘सुरक्षा की मुख्य गारंटी ईरान की ओर से ही आएगी।’’ उन्होंने कहा कि ईरान चाहता है कि चीन और रूस इस बात की गारंटी दें कि युद्धविराम के बाद अमेरिका युद्ध दोबारा शुरू नहीं करेगा।

भाषा आशीष माधव

माधव