वॉशिंगटन, एक मई (एपी) संघीय अभियोजकों ने उस घटना का वीडियो जारी किया है जिसमें एक व्यक्ति बंदूक और चाकू के साथ ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन’ के डिनर में घुसने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास करने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
वॉशिंगटन की अमेरिकी अटॉर्नी जीनीन पाइरो ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर इन सवालों के बीच यह वीडियो साझा किया कि जब आरोपी कोल टॉमस एलन सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए होटल के बॉलरूम की ओर बढ़ रहा था तो सीक्रेट सर्विस अधिकारी को गोली किसने मारी।
प्रारंभ में अभियोजकों ने कहा था कि अधिकारी को बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि गोली एलन ने चलाई थी या नहीं। हालांकि, पाइरो ने कहा कि अब तक कोई सबूत नहीं है कि अधिकारी को ‘फ्रेंडली फायर’ में गोली लगी हो।
वीडियो में कथित रूप से एलन को मेटल डिटेक्टर (मैग्नेटोमीटर) से गुजरते हुए और एक अधिकारी की ओर हथियार तानते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद अधिकारी ने पांच गोलियां चलाईं। वीडियो में यह स्पष्ट नहीं है कि एलन ने कब गोली चलाई।
शनिवार रात वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई इस घटना ने देश की राजधानी में आयोजित एक प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न कर दी।
एलन को घटना के दौरान चोट लगी लेकिन उसे गोली नहीं लगी। बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया गया। उसे मुकदमे तक हिरासत में रहना होगा। उसने कोई याचिका दाखिल नहीं की।
सीक्रेट सर्विस डायरेक्टर सीन कुर्रान ने एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था का बचाव करते हुए कहा कि हमले को कुछ ही सेकंड में बाहरी सुरक्षा घेरे में ही रोक दिया गया।
वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि एलन घटना से एक दिन पहले होटल में घूम रहा था और जिम भी गया था। सुरक्षा केंद्र पर फुटेज में लगभग एक दर्जन अधिकारी मेटल डिटेक्टर के आसपास दिखाई देते हैं, जब आरोपी अचानक दरवाजे से बाहर निकलकर दौड़ता हुआ उन तक पहुंचता है।
अभियोजकों के अनुसार, एलन (31 वर्ष) ने हमले से कुछ मिनट पहले अपने होटल के कमरे में तस्वीर ली थी और उसके पास हथियार, गोला-बारूद बैग, शोल्डर गन होल्स्टर और चाकू मौजूद था।
अधिकारियों के अनुसार, संदेशों में उसने खुद को “फ्रेंडली फेडरल एसेसिन” बताया और ट्रंप प्रशासन की नीतियों को लेकर नाराजगी का संकेत दिया।
कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी एलन एक टेस्ट प्रेप कंपनी में अंशकालिक ट्यूटर के रूप में काम करता था तथा वीडियो गेम तैयार करना उसका शौक है।
उस पर राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास सहित तीन आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, जिनमें हथियारों से संबंधित गंभीर आरोप भी शामिल हैं। दोष सिद्ध होने पर उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
एपी मनीषा नरेश
नरेश