कीव, एक फरवरी (एपी) यूक्रेन के निप्रो शहर पर रूसी ड्रोन हमले में खनिकों को ले जा रही बस को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 12 लोग मारे गए। यूक्रेन के प्राधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता के अगले दौर की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुई।
आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, इस हमले में कई अन्य लोग घायल हो गए और कुछ जगह आग भी लग गई, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया।
यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी डीटीईके ने कहा कि बस उसकी थी और उसने रूस पर निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में डीटीईके की खदानों पर “बड़े पैमाने पर आतंकवादी हमला” करने का आरोप लगाया। इस क्षेत्र की राजधानी निप्रो है।
कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमलों में से एक का निशाना कंपनी की एक बस थी, जो निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में ड्यूटी पूरी होने के बाद कंपनी से खनिकों को ले जा रही थी।”
एपी राखी पारुल
पारुल