लंदन, नौ मार्च (एपी) ब्रिटेन में ग्लासगो के मध्य में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग से सोमवार को स्कॉटलैंड की रेल सेवाएं बाधित हो गईं। इस दौरान दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे रहे।
इस आग से स्कॉटलैंड के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन के पास स्थित इमारत पूरी तरह से नष्ट हो गई।
रेलवे संचालकों के अनुसार, ग्लासगो सेंट्रल स्टेशन बंद कर दिया गया था और स्टेशन से आने-जाने वाली सभी ट्रेन सेवाओं के बाधित होने की आशंका थी। स्टेशन से ट्रेन सेवा कब बहाल की जाएगी, इसके बारे में अभी कोई अनुमान नहीं है।
आग रविवार दोपहर स्टेशन के बगल में स्थित यूनियन स्ट्रीट पर इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट से संबंधित एक दुकान में लगी। लपटों ने इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और इसकी गुंबददार छत से लपटें निकलने लगीं।
वर्ष 1851 में बनी यह इमारत रात भर जलती रही और ढह गई, केवल इसका अग्रभाग ही शेष है। स्कॉटिश संसद के सदस्य पॉल स्वीनी ने इसकी तुलना 1940-41 में ब्रिटेन पर नाजी बमबारी के बाद बचे अवशेषों से की।
एपी संतोष नरेश
नरेश