अमेरिका के एफबीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में डाला

Ads

अमेरिका के एफबीआई ने गैंगस्टर नीतीश कौशल को सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में डाला

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 08:41 AM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 08:41 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 15 जुलाई (भाषा) अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने देश में हत्या, अपहरण और मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल गैंगस्टर नीतीश कौशल को सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में डाल दिया है।

यह कार्रवाई भगवानपुरिया गिरोह पर शिकंजा कसने के प्रयासों के तहत की गई है।

एफबीआई ने मंगलवार को कहा कि भारतीय नागरिक कौशल ने भगवानपुरिया संगठित अपराध गिरोह की ओर से हिंसा की घटनाओं को कथित तौर पर अंजाम दिया। उसने कहा कि इन घटनाओं में अपहरण और हमले सहित अन्य अपराध शामिल हैं।

एफबीआई ने कहा, ‘‘नीतीश कौशल एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के लिए वांछित है। यह संगठन हत्या, अपहरण, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली, हथियारों की तस्करी, धनशोधन और मानव तस्करी समेत विभिन्न अपराधों में शामिल है।’’

एफबीआई ने कहा कि कौशल को हथियारों से लैस और खतरनाक माना जाना चाहिए तथा उसके फरार होने की भी आशंका है।

जांच एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि कौशल के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर वे एफबीआई के स्थानीय कार्यालय, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करें।

उसने कहा कि जग्गू भगवानपुरिया संगठित अपराध गिरोह की शुरुआत भारत के पंजाब राज्य में हुई थी और यह ‘सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया’ तथा अन्य स्थानों पर सक्रिय है।

एफबीआई ने कहा कि लॉस एंजिलिस स्थित ‘सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया’ की अमेरिकी जिला अदालत ने कौशल पर संगठित अपराध एवं भ्रष्ट गतिविधियों से जुड़े संगठनों के खिलाफ बने कानून के तहत आपराधिक साजिश का आरोप लगाए जाने के बाद 25 जून को उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

एफबीआई ने यह कार्रवाई भगवानपुरिया गिरोह को निशाना बनाकर चलाए गए समन्वित अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के बाद की।

इस अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में छापे मारे गए तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कार्रवाई की। इससे पता चलता है कि भारत में जड़ें रखने वाले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ विभिन्न देशों ने कार्रवाई तेज कर दी है। भाषा सिम्मी शोभना

शोभना