(फाइल फोटो के साथ)
पटना, 25 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को घोषणा की कि मां जानकी मंदिर का निर्माण 31 दिसंबर, 2028 तक पूरा हो जाएगा।
चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार के पहले मंत्रिमंडल निर्णयों में से एक सीतापुरम टाउनशिप का निर्माण करना है, जैसा कि उनके पूर्ववर्ती नीतीश कुमार ने घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री जानकी नवमी के अवसर पर सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में बोल रहे थे, जो माता सीता का जन्मस्थान है।
चौधरी ने यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मां सीता के मंदिर का (निर्माण) काम 31 दिसंबर, 2028 तक पूरा हो जाएगा। नीतीश कुमार जी ने घोषणा की थी कि सरकार सीतापुरम का निर्माण करेगी। इसलिए, जब मैंने पहली मंत्रिमंडल बैठक की अध्यक्षता की, तो मैंने सीतामढ़ी में टाउनशिप बनाने का फैसला किया।’’
उन्होंने जानकी नवमी के अवसर पर सीतामढ़ी की अपनी यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने के बाद माता सीता के आशीर्वाद से मैं सीतामढ़ी में प्रार्थना करने आया हूं और वह भी जानकी नवमी के अवसर पर।”
चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली चार लेन की प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना, राम-जानकी पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतापुरम के आसपास के पूरे क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन