मुंबई, 12 मई (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा अनिश्चितता ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला। साथ ही विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी बाजारों को कमजोर किया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 525.44 अंक टूटकर 75,489.84 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 164.5 अंक फिसलकर 23,651.35 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स और बजाज फिनसर्व के शेयर नुकसान में रहे। वहीं भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में जबकि जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग बढ़त में रहे।
अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.2 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,437 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
सेंसेक्स सोमवार को 1.70 प्रतिशत और निफ्टी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
भाषा निहारिका
निहारिका