नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (जीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 9.67 प्रतिशत बढ़कर 451.77 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से घरेलू बाजार से मात्रा में बढ़ोतरी और लागत का बेहतर प्रबंधन ने लाभ बढ़ा है।
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप की इकाई जीसीपीएल ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 411.9 करोड़ रुपये था।
आलोच्य तिमाही में परिचालन राजस्व 11 प्रतिशत बढ़कर 3,900.44 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 3,514.23 करोड़ रुपये था।
जीसीपीएल के प्रबंध निदेशक, सुधीर सीतापति ने बयान में कहा कि राजस्व में यह बढ़ोतरी ‘‘मात्रा में छह प्रतिशत की वृद्धि के कारण हुई है।’’
जीसीपीएल का कुल खर्च आलोच्य तिमाही में 10.56 प्रतिशत बढ़कर 3,225.44 करोड़ रुपये रहा।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में जीसीपीएल का मुनाफा मामूली रूप से बढ़कर 1,861.47 करोड़ रुपये रुपये हो गया। जीसीपीएल की कुल एकीकृत आय 7.9 प्रतिशत बढ़कर 15,444.07 करोड़ रुपये रही।
कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक शेयर पर 500 प्रतिशत यानी पांच रुपये का अंतरिम लाभांश देने की सिफारिश की है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण