एयर इंडिया की वृद्धि के अगले चरण के लिए नेतृत्व परिवर्तन का यह सही समयः विल्सन

Ads

एयर इंडिया की वृद्धि के अगले चरण के लिए नेतृत्व परिवर्तन का यह सही समयः विल्सन

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 03:21 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 03:21 PM IST

मुंबई, सात अप्रैल (भाषा) एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने मंगलवार को अपने इस्तीफे की घोषणा के बाद कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एयरलाइन की वृद्धि के अगले चरण के लिए नेतृत्व परिवर्तन का यह सही समय है।

वर्ष 2022 के मध्य से कंपनी का नेतृत्व करते आ रहे विल्सन ने अपने संदेश में कहा कि वह सुचारु उत्तराधिकार सुनिश्चित करने के लिए कुछ समय तक पद पर बने रहेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपने इस्तीफे के बारे में एयरलाइन के निदेशक मंडल को उन्होंने सूचना दे दी है।

उन्होंने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा, “आपने नए विमानों की डिलिवरी और आपूर्ति शृंखला की समस्याएं, दो युद्ध, हवाई क्षेत्र बंद होने की स्थिति, ऊंची ईंधन कीमतें और सबसे गंभीर विमान हादसा जैसी अभूतपूर्व चुनौतियों के बीच जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उस पर मुझे बेहद गर्व है।”

उन्होंने कहा कि लगभग 600 विमानों के बड़े ऑर्डर से 2027 से आपूर्ति तेज होने से पहले का यह छोटा समय नेतृत्व परिवर्तन के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा, “एयर इंडिया के उत्थान के अगले चरण के लिए अब कमान सौंपने का समय सही है।”

जनवरी, 2022 में टाटा समूह द्वारा सरकार से अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया व्यापक बदलाव के दौर से गुजर रही है। घाटे में चल रही इस एयरलाइन ने एक महत्वाकांक्षी कायाकल्प योजना शुरू की है।

विल्सन ने कहा कि निजीकरण के बाद बीते चार वर्षों में कंपनी में बड़े बदलाव हुए हैं जिनमें चार एयरलाइंस का अधिग्रहण एवं सफल विलय, सार्वजनिक क्षेत्र से निजी क्षेत्र की कार्यप्रणाली में बदलाव, नेतृत्व टीम, कार्यबल और कार्यसंस्कृति में व्यापक सुधार शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय