नयी दिल्ली, 18 नवंबर (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरधारकों ने सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन से सुजुकी मोटर गुजरात (एसएमजी) का पूर्ण अधिग्रहण करने के लिए शेयर खरीद समझौते पर आगे बढ़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने पिछले महीने एसएमजी के पूर्ण अधिग्रहण के लिए दो विशेष प्रस्तावों पर डाक मतपत्र के माध्यम से अपने शेयरधारकों से मंजूरी मांगी थी।
मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को बताया कि संबंधित पक्ष के लेन-देन को मंजूरी देने और तरजीही आधार पर इक्विटी शेयर जारी करने से संबंधित डाक मतपत्र में निर्धारित प्रस्तावों को कंपनी के सदस्यों ने अपेक्षित बहुमत के साथ मंजूरी दे दी।
संबंधित पक्ष लेनदेन के पहले विशेष प्रस्ताव के पक्ष में 98.21 प्रतिशत वोट पड़े। इसी तरह तरजीही आधार पर शेयर जारी करने के प्रस्ताव के पक्ष में 98.91 प्रतिशत वोट मिले।
इस अधिग्रहण के बाद सुजुकी मोटर गुजरात (एसएमजी) उसकी (एमएसआई) पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बन जाएगी।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय