चंडीगढ़, 11 जून (भाषा) हरियाणा ने बृहस्पतिवार को केंद्र से राज्य को सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक विशेष सहायता पैकेज की मांग की।
नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव पेश किए।
उन्होंने केंद्र से आग्रह किया कि प्रस्तावित औद्योगिक विकास योजना के तहत विकसित किए जाने वाले पहले 50 औद्योगिक पार्कों में हरियाणा को शामिल किया जाए। उन्होंने राज्य में राष्ट्रीय स्तर का कृत्रिम मेधा उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने और एआई तथा वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) के विकास के लिए एक विशेष पैकेज की भी मांग की।
एक सरकारी बयान के अनुसार, सैनी ने औद्योगिक मॉडल टाउनशिप, क्षेत्र-विशिष्ट औद्योगिक पार्क, हरित हाइड्रोजन परियोजना और नवीकरणीय ऊर्जा पहल के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सहायता की मांग की।
सैनी ने कहा कि यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
सैनी ने कहा कि लड़कियों को उच्च शिक्षा के अवसर देना एक मुख्य प्राथमिकता है और इसे हासिल करने के लिए राज्य ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज की स्थापना सुनिश्चित की है। वर्तमान में राज्य में 61 महिला कॉलेज हैं।
सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना और 10 लाख नई नौकरियां पैदा करना है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय