नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) मेघालय सरकार 11 और 12 जून को ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर समिट एंड एग्जीबिशन’ (एनईआईआईएनएफआरए) का आयोजन करेगी।
इस सम्मेलन में नीति-निर्माता, निवेशक, वित्तीय संस्थान और उद्योग जगत के प्रतिनिधि पूर्वोत्तर क्षेत्र में संपर्क, निवेश और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
शुक्रवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था दोगुनी हो गई है, जबकि 2018 के बाद से पूंजी निवेश में चार गुना वृद्धि हुई है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगमा ने मेघालय को देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए कहा कि राज्य पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार समान गति से वृद्धि कर रहा है, जो निवेशकों के भरोसे के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने मेघालय औद्योगिक प्रोत्साहन नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए बड़े प्रोत्साहन पैकेज लागू किए हैं।
मेघालय में उद्यमिता के मजबूत माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को लगातार उद्यमियों के लिए सर्वश्रेष्ठ परिवेश वाले राज्यों में मान्यता मिली है।
भाषा योगेश सुरेश
सुरेश