अमरावती, 26 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को तेलंगाना के कोडाड के पास सड़क हादसे में छह लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक निजी इलेक्ट्रिक बस के ट्रक से टकराने से पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 अन्य घायल हो गए।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडाड मंडल में हुआ। 42 यात्रियों को लेकर हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही निजी बस ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘ मुख्यमंत्री नायडू ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को तेलंगाना सरकार के साथ समन्वय करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों पर करीबी नजर रखने का निर्देश दिया।’’
उन्होंने कहा कि हादसे में एनटीआर और कृष्णा जिलों के कई लोगों की मौत हुई है और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जगन ने भी सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
जगन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराया जाए, खासकर गंभीर रूप से घायलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।’’
उन्होंने हादसे के कारणों की गहन जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सड़क सुरक्षा उपाय कड़ाई से लागू करने की मांग की।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा