पेज इंडस्ट्रीज का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ नौ प्रतिशत बढ़कर 178.73 करोड़ रुपये

Ads

पेज इंडस्ट्रीज का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ नौ प्रतिशत बढ़कर 178.73 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 12:13 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 12:13 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) जॉकी व स्पीडो की लाइसेंसधारी पेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 178.73 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 164 करोड़ रुपये रहा था।

पेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन अवधि में परिचालन आय 14 प्रतिशत बढ़कर 1,252.6 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,098.07 करोड़ रुपये थी।

कंपनी की बिक्री मात्रा सालाना आधार पर 10.8 प्रतिशत बढ़कर 5.45 करोड़ इकाइयों के बराबर रही।

प्रबंध निदेशक वी. एस. गणेश ने कहा, ‘‘ सकारात्मक उपभोक्ता भावनाओं, खुदरा के निरंतर आधुनिकीकरण एवं मजबूत अर्थव्यवस्था के साथ, हमें वृद्धि की गति बनाए रखने का भरोसा है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि प्रमुख कच्चे माल विशेषकर कपास की लागत पर महंगाई का दबाव बना हुआ है।

पेज इंडस्ट्रीज का कुल खर्च जनवरी-मार्च तिमाही में 14.72 प्रतिशत बढ़कर 1,031.96 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी की कुल आय (जिसमें अन्य आय भी शामिल है) सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़कर 1,269.76 करोड़ रुपये रही।

समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में पेज इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ 4.75 प्रतिशत बढ़कर 763.82 करोड़ रुपये हो गया। कुल एकीकृत आय 6.28 प्रतिशत बढ़कर 5,310.67 करोड़ रुपये रही।

पेज इंडस्ट्रीज के पास भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, ओमान, कतर, मालदीव, भूटान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में विनिर्माण, वितरण एवं विपणन के लिए अंतर्वस्त्र बनाने वाली जॉकी इंटरनेशनल इंक (यूएसए) का ‘विशिष्ट लाइसेंस’ है।

इसके पास तैराकी के कपड़े (स्विमवियर) और तैराकी से संबंधित सामान बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई-ब्रिटिश कंपनी स्पीडो इंटरनेशनल का भी भारतीय बाजार के लिए ‘विशिष्ट लाइसेंस’ है।

भाषा निहारिका

निहारिका