भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,500 करोड़ रुपये में प्राप्त करेगी प्रूडेंशियल

Ads

भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,500 करोड़ रुपये में प्राप्त करेगी प्रूडेंशियल

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 08:52 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) ब्रिटेन की बीमा कंपनी प्रूडेंशियल पीएलसी भारती लाइफ वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और ‘360 वन एसेट मैनेजमेंट’ से भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 प्रतिशत की बहुलांश हिस्सेदारी 3,500 करोड़ रुपये में प्राप्त करेगी। प्रूडेंशियल पीएलसी ने रविवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने बताया कि यह सौदा पूरा होने पर किया जाने वाला प्रारंभिक नकद भुगतान होगा। साथ ही, कुछ शर्तें पूरी होने पर 700 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त राशि का भुगतान भी किया जा सकता है।

वर्तमान में प्रूडेंशियल आईसीआईसीआई बैंक के साथ जीवन बीमा उद्यम में लगभग 22 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ साझेदार है।

भारती लाइफ इंश्योरेंस में बहुलांश हिस्सेदारी की घोषणा के बाद, प्रूडेंशियल को नियामक आवश्यकताओं का अनुपालन करने के लिए मौजूदा उद्यम में अपनी हिस्सेदारी को कम करना होगा।

कंपनी ने कहा, ‘‘इस सौदे का वित्तपोषण मौजूदा संसाधनों से किया जाएगा। इस सौदे से समय के साथ प्रूडेंशियल को ठोस रणनीतिक और वित्तीय लाभ मिलने की उम्मीद है। इस सौदे के लिए नियामक मंजूरी मिलने के बाद और विवरण प्रदान किए जाएंगे। यह उम्मीद की जाती है कि आईसीआईसीआई प्रू लाइफ के किसी भी विनिवेश से प्राप्त राशि का एक हिस्सा व्यवसाय में भविष्य के विकास को समर्थन देने के लिए उपयोग किया जाएगा।’’

भाषा योगेश नेत्रपाल

नेत्रपाल