रुपया 22 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.23 पर
रुपया 22 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.23 पर
मुंबई, 24 अप्रैल (भाषा) रुपये में शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में गिरावट दर्ज की गई और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे टूटकर 94.23 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी मुद्रा की मजबूती से घरेलू मुद्रा दबाव में है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से जहाजों की आवाजाही अनिश्चित बनी रही जिससे वैश्विक बाजारों में ईंधन की कीमतों में अस्थिरता है। साथ ही घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी पूंजी की निंरतर निकासी से भी भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.25 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.18 के उच्च और 94.31 के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में 94.23 (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 22 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर 94.01 पर बंद हुआ था।
पिछले पांच सत्र में घरेलू मुद्रा एक प्रतिशत से अधिक टूट चुकी है। रुपया 17 अप्रैल को 92.91 के स्तर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नाकेबंदी से तनाव बढ़ने के कारण वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपया टूटा।
उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर कीमत 94 से 94.62 रुपये के दायरे में रह सकती है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत बढ़त के साथ 98.62 पर था।
घरेलू बाजारों में सेंसेक्स 1.27 प्रतिशत और निफ्टी 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.21 प्रतिशत चढ़कर 107.39 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने करीब 3,254.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा पाण्डेय निहारिका
निहारिका

Facebook


