मुंबई, एक जून (भाषा) रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में नौ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.94 पर आ गया। इजराइल-लेबनान संघर्ष के तेज होने के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के दबाव से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर सूचकांक 99 के आसपास बना हुआ था जबकि तेल की कीमतें बढ़कर 93 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं। इजराइल-लेबनान संघर्ष के तेज होने के बाद यह वृद्धि हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.93 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में कमजोरी के साथ 94.94 प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया शुरुआती कारोबार में 94.75 प्रति डॉलर तक भी पहुंचा।
रुपया शुक्रवार को केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप से 73 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.85 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.04 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 206.16 अंक चढ़कर 74,981.90 अंक पर जबकि निफ्टी 42.65 अंक की बढ़त के साथ 23,604.80 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 92.92 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 21,105.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका