रायपुर, एक जून (भाषा) छत्तीसगढ़ में दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को राज्य सरकार के ‘सुशासन तिहार’ (सुशासन उत्सव) के तहत आयोजित एक जन शिकायत निवारण शिविर में आम जनता के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में सोमवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक सरकारी बयान के अनुसार, सीईओ रूपेश कुमार पांडेय के खिलाफ यह कार्रवाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद की गई। मुख्यमंत्री ने शिविर के दौरान नागरिकों के प्रति अभद्र व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर अमल करते हुए दुर्ग संभाग के आयुक्त ने पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
बयान में कहा गया कि दुर्ग जिलाधिकारी से मिले प्रस्ताव और थनौद गांव में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर के एक कथित वीडियो क्लिप की जांच के बाद, सरकारी कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य में लापरवाही और नागरिकों के प्रति अनुचित व्यवहार का मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया था।
बयान के मुताबिक, ‘‘ऐसे आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के विपरीत पाया गया। संभागीय आयुक्त ने इससे पहले पांडेय को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।’’
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश