रायपुर, 13 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन करते हुए बुधवार को कहा कि उनके आधिकारिक दौरे के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही काफीले में शामिल किया जाएगा।
साय ने यह भी कहा कि राज्य में सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से ईवी में बदलने की दिशा में कदम उठाये जाएंगे।
साय ने ‘एक्स’ पर कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किया गया आह्वान आज समय की मांग है। वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस कठिन दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है।”
उन्होंने कहा, “मेरे आधिकारिक दौरों के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही काफीले में शामिल किया जाएगा। मैंने मंत्रीगणों तथा विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी वाहनों एवं अन्य सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया है। साथ ही, राज्य के समस्त शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में परिवर्तित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही शुरू की जाएगी।”
साय ने कहा, “मैं प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करें, ‘कारपूलिंग’ को अपनाएं और अनावश्यक निजी वाहनों के प्रयोग से बचें। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से हम बड़े परिवर्तन ला सकते हैं। आइए, हम सब राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाएं। आपका एक जागरूक कदम राष्ट्र के हित में महत्वपूर्ण योगदान देगा।”
भाषा संजीव मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र