Reported By: Tehseen Zaidi
,Sponge Iron Theft Case
रायपुर : राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में स्पंज आय़रन चोरी का एक बड़ा गैंग सक्रिय हो गया है। इसकी बानगी एक बार फिर तिल्दा के एक पॉवर प्लांट में देखने में आई है। IBC24 की टीम ने जब इस काले कारोबार की परत दर परत खुलासे करने शुरू किये तो। कई चौकाने वाले खुलासे हुए हैं।
स्पंज आयरन चोर गैंग की पड़ताल में IBC24 की टीम सबसे पहले तिल्दा के पॉवर प्लांट पहुंची तो पाया कि इस काले कारोबार में इस प्लांट के कई कर्मचारी शामिल हैं। जिन्हे वहां मौजूद जागरूक स्टाफ ने पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने बताया कि प्लांट में आने वाले ट्रांसपोर्टर और उनके ड्रायवर स्पंज आयरन लोड करने वाले को भी अपने झांसे में लेकर 10 से 15 टन स्पंज आयरन लोड करवाते थे। इसके बाद माल समेत ट्रक का लोड नापने वाले धर्मकांटा के कर्मचारी छोटे वाहन का नंबर बड़ी गाड़ी में डालकर चोरी का स्पंज आय़रन बाहर निकाल कर ओवरलोड स्पंज आयरन प्लांट के आगे थाने के पास बैखोफ होकर कबाड़ियों को बेच रहे थे और उनसे मिलने वाली रकम का आपस में बंदरबांट कर रहे थे।
इस काले कारोबार में गिरफ्तार फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड ट्रांसपोर्टर सौरभ चौबे उर्फ लालसिंह है, जो अपने गैंग के सरगना मनोज सपाहा उर्फ मनोज कबाड़ी के लिए काम करता है। दोनों इस काले कारोबार के जरिये कई बड़े ट्रकों के मालिक बन चुके हैं और ड्रायवर की शक्ल में प्लांटों में जाकर बड़े ही शातिराना अंदाज में स्पंज आयरन की चोरी को अंजाम दे रहे थे। जिससे इन्होंने पॉवर प्लांटों को तो चूना लगाया ही राज्य सरकार को भी राजस्व का नुकसान पहुंचाया।
हालांकि गिरफ्तार ट्रांसपोर्टर सौरभ चौबे इस काले कारोबार में शामिल होने से इंकार कर रहा है, लेकिन गिरफ्तार फैक्ट्री कर्मचारियों ने पुख्ता तौर पर कहा है कि इसी ने काले कारोबार का जाल बिछाया। गैंग के सरगना मनोज सपाहा उर्फ मनोज कबाड़ी समेत बाकी कबाड़ियों से पैसे का लेनदेन सौरभ चौबे के जरिये ही होता रहा है। फैक्ट्री में जब चोरी पकड़ी गई तब चोरी के माल से लदे 2 ट्रक छोड़कर आरोपी ड्राइवर नेतराम साहू और शंकर यादव मौके से फरार हो गये। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस ने इस पुरे मामले में 3 फैक्ट्री कर्मचारियो अमन शर्मा, रविन्द्र अग्रवाल और विजय अग्रवाल और 1 ट्रांसपोर्टर सौरभ चौबे यानी कुल 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्हें पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ की तो कई चौकाने वाले तथ्य सामने आये। IBC24 की पड़ताल में जब टीम इस काले कारोबार की सबसे छोटी लेकिन सबसे अहम कड़ी जो कबाड़ियों की शक्ल में सामने आई तो खुलासा हुआ कि इस गैंग के सभी सरगना राजधानी समेत पूरे प्रदेश के औद्योगिक इलाको में कबाड़ के यार्ड संचालित कर रहे हैं। उनमें मुख्य रूप से मनोज सपाहा उर्फ मनोज कबाड़ी, उमेश सेठ और पप्पू कबाड़ी समेत बाबू खान इन ट्रांसपोर्टरों और फैक्ट्री कर्मचारियों को मोटी रकम देने का लालच देकर स्पंज आयरन चोरी करवाते हैंऔर चोरी का माल खरीदकर दूसरी फैक्ट्रियों को बेचा जाता है।
IBC24 की टीम ने इस मामले की पड़ताल में पाया कि इस शातिर गैंग ने प्लांट से करीब 10 करोड रुपए कीमत का 500 टन स्पंज आयरन चोरी कर करोड़ों रूपयों की चपत लगाई। कई ऐसे चौकाने वाले तथ्य भी सामने आये कि जिनका हम खुलासा नही कर सकते। आपको बता दे कि इससे पहले भी आईबीसी 24 की टीम ने एक्सपोर्ट क्वालिटी के कोयला चोरी का खुलासा किया था। जिसमें सभी शातिर आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में गैंग के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस गैंग के मुख्य सरगना मनोज सपाहा उर्फ मनोज कबाडी, उमेश कबाड़ी, पप्पू कबाड़ी समेत बाबू खान पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।