बिलासपुर, 13 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना बिलासपुर-कटनी रेल खंड की डाउन लाइन पर अपराह्न दो बजकर 35 मिनट पर हुई जब खाली मालगाड़ी पेन्ड्रा रोड से बिलासपुर की ओर जा रही थी।
बिलासपुर मंडल में हुई इस दुर्घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों, अभियंताओं, परिचालन और तकनीकी विभागों के कर्मियों सहित कई टीम मौके पर पहुंच गईं और प्रभावित डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने के लिए बहाली कार्य शुरू कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि इस मार्ग की अप लाइन पूरी तरह से चालू है और उस लाइन पर यात्री तथा मालगाड़ियों का परिचालन बिना किसी बाधा के जारी है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बहाली कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और डाउन लाइन पर भी यातायात जल्द ही फिर से शुरू हो जाएगा।
कुमार ने कहा कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।
भाषा
खारी वैभव
वैभव