श्री विजय पुरम, सात अप्रैल (भाषा) अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के एक दूरदराज इलाके से तीन दिवसीय अभियान के दौरान म्यांमा के 11 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, निकोबार जिले के नैनकौरी द्वीप से ‘सी सेंटिनल’ अभियान के तहत इन शिकारियों को पकड़ा गया।
पुलिस महानिदेशक हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह अभियान चार अप्रैल को सुबह नौ बजे काकाना, पिलपिल्लो, पोंधा और डेरिंग के समुद्री क्षेत्रों में शुरू किया गया था।
अभियान के दौरान उत्तर काकाना तट के पास म्यांमा के एक संदिग्ध शिकारी पोत का पता चला। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए शिकारियों ने अपने पोत की लंगर रस्सी काट दी और तिल्लोंग चाउंग के दक्षिण-पूर्व दिशा में भागने का प्रयास किया। पुलिस दल ने भारतीय तटरक्षक बल के समन्वय से पोत को रोकने की कोशिश की और चेतावनी स्वरूप दो बार गोली चलाई, लेकिन शिकारी नहीं रुके।
बाद में पुलिस ने पोत को ‘आइल ऑफ मैन’ द्वीप के पास रोका, लेकिन शिकारी घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। धालीवाल ने बताया कि पांच अप्रैल को पुलिस और सेना के एक संयुक्त दल ने म्यांमा के एक नागरिक को पीछा करने के बाद पकड़ा। छह अप्रैल को जंगल में छिपे 10 अन्य विदेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कुल 11 विदेशी शिकारियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से एकत्रित लगभग 800 किलोग्राम ‘सी ककंबर’(खीरे जैसा दिखने वाला एक विशेष प्रकार का समुद्री जीव जिसका इस्तेमाल दवा बनाने और खाद्य पदार्थ के रूप में किया जाता है) भी बरामद किया गया।
भाषा मनीषा संतोष
संतोष