फरीदाबाद, 27 जून (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-आठ थाने के मालखाने से कथित तौर पर चोरी किए गए 32 लाइसेंसी हथियार बरामद कर इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, हथियारों की चोरी कथित तौर पर मालखाने से जुड़े एक आईटीआई प्रशिक्षु ने की थी।
पुलिस के अनुसार, प्रशिक्षु पर पिछले सात महीनों के दौरान चोरी किए गए हथियारों की हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आपूर्ति करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मोनू आईटीआई में कंप्यूटर डिप्लोमा का छात्र है। वह प्रशिक्षु के रूप में पुलिस विभाग से जुड़ा था और थाना परिसर में कंप्यूटर संबंधी कार्य करता था।
पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा ने मोनू और उसकी प्रेमिका को इस मामले के संबंध में पकड़ा है।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आईटीआई छात्र मोनू सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी चोरी किए गए हथियार बरामद कर लिए हैं। जांच के दौरान मालखाना प्रभारी उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।’
हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि गिरफ्तार किए गए अन्य 19 आरोपियों ने ये हथियार मोनू से खरीदे थे या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि मोनू ने ये हथियार लाखों रुपये में बेचे थे।
भाषा राखी राजकुमार
राजकुमार