अमृतसर, 27 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अमृतसर में लव, कुश और माता जानकी को समर्पित एक भव्य मंदिर के निर्माण की घोषणा की।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार मंदिर निर्माण में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
केजरीवाल ने कहा कि प्रस्तावित मंदिर भगवान वाल्मीकि मंदिर के निकट बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद यह घोषणा करते हुए उन्हें खुशी हो रही है।
केजरीवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अमृतसर में रहकर रामायण की रचना की थी तथा माता सीता, लव और कुश का भी इस स्थान से संबंध रहा है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह मंदिर श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बनेगा और देश-विदेश से श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
केजरीवाल ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार करने की भी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि मौजूदा दो मार्गों के अलावा अब सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश तथा मथुरा-वृंदावन के तीन नए तीर्थ मार्ग शुरू किए जाएंगे।
आप संयोजक ने कहा कि ये सेवाएं एक अगस्त के आसपास शुरू होंगी और करीब 1.5 लाख श्रद्धालुओं को इन यात्राओं का लाभ मिलेगा।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल