बागी तृणमूल गुट ने पूर्व पार्षदों से फिर मुलाकात की

Ads

बागी तृणमूल गुट ने पूर्व पार्षदों से फिर मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 01:15 AM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 01:15 AM IST

कोलकाता, 27 जून (भाषा) विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के अलग हुए धड़े ने शनिवार को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पूर्व पार्षदों के साथ बैठक की।

इस घटनाक्रम को ममता बनर्जी के नेतृत्व के लिए नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

दूसरी ओर, पार्टी के ‘कालीघाट गुट’ ने बागी नेताओं के खिलाफ पार्टी के चुनाव चिह्न और नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

सूत्रों के अनुसार, टॉपसिया स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में हुई बैठक में केएमसी के 47 पूर्व पार्षद शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद शहर में संगठन को मजबूत करना और इस वर्ष प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की रणनीति तैयार करना था। इससे पहले 22 जून को न्यू टाउन में भी इसी तरह की बैठक हुई थी।

बैठकों में लगे बैनरों पर तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिह्न और पार्टी का नाम था, लेकिन ममता बनर्जी की तस्वीर नहीं थी।

तृणमूल की संयुक्त राष्ट्रीय सचिव डोला सेन ने न्यू टाउन और प्रगति मैदान थानों में शिकायत दर्ज कराते हुए बागी नेताओं पर पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न के कथित जालसाजीपूर्ण इस्तेमाल तथा अनधिकृत बैठकें आयोजित करने का आरोप लगाया।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार