नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) मॉरिशस की 19 महीने की बच्ची की दिल्ली के एक अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी के ज़रिए एक किडनी निकाल दी गई। वह जन्म से ही गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थी। डॉक्टरों ने यह जानकारी दी।
डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची को किडनी और मूत्र मार्ग से जुड़ी जन्मजात विकृति थी। यह ऐसी समस्या है, जिसमें जन्म से ही किडनी और मूत्र प्रणाली का विकास सामान्य रूप से नहीं हो पाता। उसकी दाहिनी किडनी में कई गांठें बन गई थीं, जिसके कारण वह पूरी तरह काम करना बंद कर चुकी थी। साथ ही, उसे बार-बार बुखार के साथ मूत्र मार्ग में संक्रमण हो रहा था।
यह सर्जरी दिल्ली के एक अस्पताल में मूत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. विकास जैन की अगुवाई वाली कई डॉक्टरों टीम ने की। मामले की गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने रोबोटिक तकनीक की मदद से खराब हो चुकी किडनी को निकालने का निर्णय लिया।
डॉ. जैन ने कहा कि इतनी कम उम्र की बच्ची का ऑपरेशन करना काफी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि सर्जरी के लिए बहुत कम जगह उपलब्ध थी।
उन्होंने कहा, “महज 19 महीने की उम्र में इस बच्ची का रोबोटिक तकनीक से किडनी निकालने का ऑपरेशन किया गया, जिससे वह इस तरह की सर्जरी कराने वाले सबसे कम उम्र के बच्चों में शामिल हो गई है। उसकी दाहिनी किडनी ‘मल्टीसिस्टिक डिस्प्लास्टिक’ बीमारी से प्रभावित थी और असामान्य रूप से काफी बड़ी हो गई थी। यह पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से का लगभग पूरा स्थान घेर चुकी थी, जिससे सर्जरी के लिए उपलब्ध सीमित जगह और भी कम हो गई थी।’
डॉक्टरों ने बताया कि प्रक्रिया के बाद मरीज़ ठीक हो गईं और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन