गुरुग्राम में कंपनी का एक प्रतिनिधि लोहे के बक्से के अंदर मृत पाया गया

Ads

गुरुग्राम में कंपनी का एक प्रतिनिधि लोहे के बक्से के अंदर मृत पाया गया

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 02:56 PM IST

गुरुग्राम, 27 अप्रैल (भाषा) पुलिस ने कंपनी के 24 वर्षीय प्रतिनिधि का शव गुरुग्राम स्थित झुग्गी बस्ती में एक लोहे के बक्से से बरामद किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी के इस प्रतिनिधि की गुरुग्राम के सेक्टर 54 में कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने रविवार शाम को शव बरामद कर लिया। पुलिस ने जान गंवाने वाले प्रतिनिधि के साथ लिव-इन (सहजीवन) संबंध में रह रही महिला और उसकी सहेली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के मुरली बसंतपुर गांव के निवासी 24 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। उनके बड़े भाई उमाशंकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

उमाशंकर ने अपनी शिकायत में बताया कि वह चक्कपुर गांव में रहते हैं और उनके भाई अमन एक कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में काम करते थे।

उमाशंकर ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘रविवार शाम करीब छह बजे अमन के दोस्त ने मुझे फोन करके बताया कि उसके एक अन्य दोस्त ने उसकी हत्या कर दी है और उसके शव को एक झुग्गी बस्ती में लोहे के बक्से में छिपा दिया है।’’

वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने अमन का शव एक लोहे के बक्से से बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘शव पर धारदार हथियार से हमले किये जाने के निशान मिले हैं। शव तीन-चार दिन पहले का प्रतीत होता है।’’

उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से महिला ने फोन किया था, उसकी भी जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा तान्या संतोष

संतोष