‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने आत्महत्या करने वाली नीट अभ्यर्थी के परिवार से मुलाकात की

Ads

‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने आत्महत्या करने वाली नीट अभ्यर्थी के परिवार से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 05:04 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली एक नीट अभ्यर्थी के परिवार से मुलाकात की और कहा कि सरकार को छात्रों को यह आश्वासन देना चाहिए कि भविष्य में कोई भी प्रश्नपत्र लीक नहीं होगा ताकि उन्हें ऐसे चरम कदम उठाने से रोका जा सके।

शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आजादपुर में 20 वर्षीय नीट अभ्यर्थी ने अपने घर पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

भारद्वाज ने छात्रा के परिवार से मुलाकात की और बताया कि वह कई वर्षों से मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तैयारी कर रही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को हमारे युवाओं को यह आश्वासन देना चाहिए कि भविष्य में कभी कोई प्रश्नपत्र लीक नहीं होगा। युवाओं को ऐसे चरम कदम नहीं उठाने चाहिए।’’

भारद्वाज के अनुसार, छात्रा कई बार नीट परीक्षा में शामिल हो चुकी थी और इस साल वह अपना अंतिम प्रयास कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि देश के विभिन्न हिस्सों से छात्रों द्वारा चरम कदम उठाने के ऐसे ही मामले सामने आए हैं।

‘आप’ नेता ने कहा कि पिछले कई वर्षों से प्रश्नपत्र लीक होने के कारण छात्रों और अभिभावकों का भरोसा डगमगा गया है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश