धर्मशाला के भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पार्टी ने कहा- ‘हिमाचल में एफआईआर राज’
धर्मशाला के भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पार्टी ने कहा- ‘हिमाचल में एफआईआर राज’
शिमला, 30 जुलाई (भाषा) भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल की नाकामियों और घोटालों को छिपाने के लिए राजनीतिक बदले की भावना से झूठे मामले दर्ज करने का अभियान चला रही है।
राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है, जिसके बाद भाजपा की ओर से यह प्रतिक्रिया आई।
राणा ने कहा कि 25 जुलाई को हुई भाजपा की आरोप-पत्र समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है।
भाजपा के अनुसार, इस समिति का गठन कांग्रेस सरकार की नाकामियों, भ्रष्टाचार, जनविरोधी फैसलों और अधूरे वादों का विस्तृत दस्तावेज तैयार करने के लिए किया गया है।
सुधीर शर्मा कांग्रेस के उन छह विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में वोट दिया था। बाद में इन सभी छह नेताओं ने भाजपा में शामिल होकर उपचुनाव लड़ा था।
राणा ने सुक्खू सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाने के लिए पुलिस का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री तीन चीजों के लिए जाने जाते हैं: झूठ बोलना, सबसे ज्यादा कर्ज और झूठी एफआईआर।”
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


