‘वोट चोरी’, ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग ने ‘सीट चोरी’ शुरू की: राहुल

Ads

‘वोट चोरी’, ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग ने ‘सीट चोरी’ शुरू की: राहुल

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 06:44 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश से पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ और ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत ने ‘सीट चोरी’ शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि ‘सीट चोरी’ के ज़रिये चुनाव शुरू होने से पहले ही मुकाबला खत्म कर दिया गया है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वोट चोरी और ‘सरकार चोरी’ के बाद, अब भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत ने ‘सीट चोरी’ के ज़रिये चुनाव शुरू होने से पहले ही मुकाबला खत्म कर दिया है।’’

उनका कहना था, ‘‘हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में जो हुआ, उसे देखिए। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन जी ने सभी ज़रूरी दस्तावेज़ जमा किए थे। उन पर कोई मामला लंबित नहीं था। फिर भी, निर्वाचन आयोग ने भाजपा की एक बेबुनियाद आपत्ति पर उनका नामांकन रद्द कर दिया।’’

उनका कहना था, ‘‘वहीं, (झारखंड में) भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी जी ने आवेदन में अपना नाम ही गलत लिखा और कई ज़रूरी जानकारी भी नहीं दीं। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग ने उन्हें सब कुछ ठीक करने के लिए और समय दे दिया।’’

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘निर्वाचन आयोग वही था। उम्मीदवार दो थे। एक को बिना सुनवाई के ही अयोग्य घोषित कर दिया गया। दूसरे को नियमों का पालन न करने के बावजूद फ़ायदा पहुंचाया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब कांग्रेस ने मिलने की मांग की, तो निर्वाचन आयोग ने पहले तो हमें टालने की कोशिश की। जब आख़िरकार हमारे नेताओं की मुलाकात हुई तो उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा। आगे भी आपको ऐसा ही बहुत कुछ देखने को मिलेगा क्योंकि भाजपा के लिए चुनाव जीतने के मुक़ाबले चुनाव में धांधली करना कहीं ज़्यादा आसान है।’’

भाषा हक हक नरेश

नरेश