ईटानगर, 27 अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने केंद्र से राज्य, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में रणनीतिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर समर्थन प्रदान का आग्रह किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रविवार को नयी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थानीय विकास दोनों के लिए संपर्क के महत्व पर जोर देते हुए ‘अकाजन-लिकाबाली-बामे’ गलियारा सहित प्रमुख परियोजनाओं पर प्रकाश डाला और जारी कार्यों को समय पर पूरा करने की मांग की।
खांडू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में हाल के वर्षों में खासकर सीमावर्ती जिलों में बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के विकास ने भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा तैयारियों को काफी हद तक बढ़ाया है, साथ ही दूरदराज व सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार किया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की ‘संपर्क’ आवश्यकताओं पर सिंह के साथ विस्तृत चर्चा की, जिसमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘अकाजन-लिकाबाली-बामे’ गलियारा पर विशेष ध्यान दिया गया।
रक्षा मंत्री ने खांडू को आश्वासन दिया कि अरुणाचल प्रदेश से संबंधित सभी प्रस्तावों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर उचित प्राथमिकता के साथ विचार किया जाएगा।
बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में खांडू ने कहा, ‘‘हम अरुणाचल प्रदेश में सीमावर्ती बुनियादी ढांचे के विकास और अग्रिम क्षेत्रों के कायाकल्प के प्रति रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अटूट समर्थन के लिए उनके आभारी हैं।’’
भाषा
शुभम खारी
खारी