आशा कार्यकर्ताओं ने नामित मुख्यमंत्री सतीशन से मुलाकात की

Ads

आशा कार्यकर्ताओं ने नामित मुख्यमंत्री सतीशन से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 07:20 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 16 मई (भाषा) पिछले साल मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर 265 दिनों तक विरोध प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वी.डी. सतीशन से मुलाकात की।

केरल आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ता संघ (केएएचडब्ल्यूए) के प्रतिनिधि कैंटोनमेंट हाउस पहुंचे और सतीशन के साथ एक संक्षिप्त बैठक की।

पिछले साल केएएचडब्ल्यूए ने अपने मानदेय को बढ़ाकर 21,000 रुपये करने और सेवानिवृत्ति के बाद पांच लाख रुपये का लाभ देने की मांग को लेकर एक लंबा आंदोलन चलाया था। वाम लोकतान्त्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार ने हालांकि मांगों को स्वीकार नहीं किया था।

एलडीएफ शासन के दौरान केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे सतीशन ने वादा किया था कि अगर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में सत्ता में आती है तो आशा कार्यकर्ताओं की मांगों को पूरा किया जाएगा।

केएएचडब्ल्यूए नेता बिंदू ने पत्रकारों को बताया कि सतीशन ने उनके आंदोलन का समर्थन किया था।

उन्होंने कहा, “हम उन्हें बधाई देने आए हैं। हमें उम्मीद है कि उन्होंने जनता के सामने जो आश्वासन दिए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को बहुत भावनात्मक ढंग से लिया था। हमें काफी उम्मीद है क्योंकि वह मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”

बिंदू ने कहा कि कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर अनुकूल निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “आंदोलन का समर्थन करने वाले और यहां तक ​​कि विरोध करने वाले भी आशान्वित हैं।”

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत