अगरतला, 16 मई (भाषा) केंद्र ने पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में कानून व्यवस्था की स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए एक और ‘इंडिया रिजर्व बटालियन’ गठित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
केंद्र सरकार एक आईआरबी की स्थापना के लिए दी गई 50 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता की प्रतिपूर्ति करेगी।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने त्रिपुरा के मुख्य सचिव जे. के. सिन्हा को लिखे पत्र में कहा, ‘मुझे त्रिपुरा सरकार द्वारा एक ‘इंडिया रिजर्व बटालियन’ (आईआरबी) के गठन की स्वीकृति देने का निर्देश दिया गया है। केंद्र सरकार एक आईआरबी के गठन के लिए 50 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता की प्रतिपूर्ति करेगी।’
पूर्वोत्तर राज्य में वर्तमान में 11 ‘इंडिया रिजर्व बटालियन’ (आईआरबी) हैं।
पत्र में कहा गया है, ‘भर्ती प्रक्रिया स्वीकृति की तारीख से दो साल के भीतर पूरी की जाएगी।’ यह भी बताया गया है कि भर्ती अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एडीजी रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में एक चयन बोर्ड का गठन किया जाएगा।
गृह मंत्रालय के संचार में कहा गया है कि इस बल को आतंकवाद रोधी अभियानों और सीमा सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा तथा जब भी केंद्र को आईआरबी की आवश्यकता महसूस होगी, राज्य सरकार अनुरोधों का पालन करने के लिए बाध्य होगी।
इससे पहले राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि वह सीधी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 916 कांस्टेबल की नियुक्ति करेगी जिसमें महिला कांस्टेबल भी होंगी।
छह सदस्यीय भर्ती समिति का गठन पहले ही किया जा चुका है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत