मदुरै, 16 मई (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके)के मदुरै सेंट्रल से विधायक मधर बदुरुद्दीन ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने पुलिस को कानून का उल्लंघन करने वालों, फिर चाहे वह अवैध बार चलाना हो या प्रतिबंधित गुटखा उत्पादों की बिक्री करना हो, के खिलाफ कार्रवाई करने की पूरी छूट दे दी है।
बदरुद्दीन ने मदुरै स्थित प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर और उसके आसपास की नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि अधिकारियों से कचरा निस्तारण, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि चाहे वह अवैध बार हों, निर्धारित समय से अधिक समय तक शराब की बिक्री हो या गुटखा उत्पादों की बिक्री हो, स्वच्छ और पारदर्शी शासन के लिए मुख्यमंत्री विजय के दृष्टिकोण के अनुरूप सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक ने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री ने पुलिस को कार्रवाई करने की पूरी छूट दे दी है।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं सहित किसी भी तरफ से कोई हस्तक्षेप नहीं होगा क्योंकि यह जनता की सरकार है।
बदरुद्दीन ने कहा कि उन्होंने मीनाक्षी अम्मन मंदिर और उसके आसपास की नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और पाया कि रिसाव के कारण जल निकासी व्यवस्था में समस्याएं हैं, और इसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से मुलाकात की और उनसे तत्काल कार्रवाई करने की अपील किया क्योंकि मंदिर में हर जगह से तीर्थयात्री आते हैं।
भाषा धीरज माधव
माधव