सीजेआई सूर्यकांत ने ‘परजीवी’ वाली टिप्पणी पर दी सफाई : कहा-मीडिया ने गलत तरीके से उद्धत किया

Ads

सीजेआई सूर्यकांत ने ‘परजीवी’ वाली टिप्पणी पर दी सफाई : कहा-मीडिया ने गलत तरीके से उद्धत किया

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 04:46 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 04:46 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने शनिवार को अपने ‘परजीवी’ संबंधी बयान पर कड़े शब्दों में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि मीडिया में आई खबरों से उन्हें ‘दुख’ हुआ है, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने युवाओं की आलोचना की है।

प्रधान न्यायाधीश ने एक बयान में कहा, ‘‘मुझे यह पढ़कर दुख हुआ कि मीडिया के एक वर्ग ने कल एक हल्के मामले की सुनवाई के दौरान मेरे द्वारा की गई मौखिक टिप्पणी को गलत तरीके से उद्धृत किया है।’’

न्यायमूर्ति सूयकांत ने रेखांकित किया कि उनकी टिप्पणियां विशेष रूप से उन व्यक्तियों को लक्षित थीं जो ‘‘नकली और फर्जी डिग्रियों’’ के माध्यम से कानूनी पेशे में प्रवेश कर रहे थे और ‘‘मीडिया के एक वर्ग द्वारा उन्हें गलत तरीके से उद्धृत किया गया।’’

यह स्पष्टीकरण शुक्रवार को एक मामले की सुनवाई को लेकर हुए विवाद के बाद आया है। प्रधान न्यायाधीश ने वरिष्ठ पद की मांग करने वाली याचिका पर एक वकील को फटकार लगाते हुए ‘‘परजीवी’’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था।

सीजेआई सूर्यकांत ने अपनी टिप्पणी को लेकर उत्पन्न विवाद पर सफाई देते हुए कहा, ‘‘मैंने विशेष रूप से उन लोगों की आलोचना की थी जिन्होंने फर्जी और जाली डिग्रियों की मदद से बार (कानूनी पेशा) जैसे व्यवसायों में प्रवेश किया है। ऐसे ही लोग मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रतिष्ठित व्यवसायों में भी घुसपैठ कर चुके हैं, और इसलिए वे परजीवियों की तरह हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह कहना बिल्कुल निराधार है कि मैंने अपने देश के युवाओं की आलोचना की। मुझे न केवल हमारे वर्तमान और भविष्य के मानव संसाधन पर गर्व है, बल्कि भारत का हर युवा मुझे प्रेरित करता है। यह कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि भारतीय युवा मेरे प्रति बहुत आदर और सम्मान रखते हैं, और मैं भी उन्हें एक विकसित भारत के स्तंभ के रूप में देखता हूं।’’

भाषा धीरज माधव

माधव