कांग्रेस ने असम के युवाओं की प्रतिभा, क्षमताओं का दुरुपयोग किया : राजनाथ

Ads

कांग्रेस ने असम के युवाओं की प्रतिभा, क्षमताओं का दुरुपयोग किया : राजनाथ

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 08:28 PM IST

तेजपुर/डेरगांव (असम), 31 मार्च (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को असम में एक चुनावी रैली में कांग्रेस पर राज्य के युवाओं की प्रतिभा और क्षमताओं का ‘‘दुरुपयोग’’ करने का आरोप लगाया तथा लोगों से पार्टी को कभी माफ न करने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को केवल बांग्लादेशी घुसपैठियों की फिक्र है और उसने अपने शासनकाल में असम के साथ ‘‘सौतेला’’ व्यवहार किया।

तेजपुर और डेरगांव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के समर्थन में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा असम के युवाओं, उनकी प्रतिभा और क्षमताओं का दुरुपयोग किया है। उसे माफ नहीं किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक के आईटी मंत्री प्रियंक खरगे ने असम के उद्योगीकरण का विरोध किया था। सिंह ने कहा कि यह पूर्वोत्तर राज्य के युवाओं का ‘‘अपमान’’ है और कांग्रेस से माफी की मांग की।

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस की एकमात्र चिंता बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं, जिनका इस्तेमाल वह अपने वोट बैंक के लिए करती है। राजनीति केवल सरकार गठन के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए की जानी चाहिए।’’

सिंह ने दावा किया कि बांग्लादेश से घुसपैठ के कारण असम के कुछ जिलों में जनसंख्या संतुलन बिगड़ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के कारण असम की संस्कृति, अस्मिता और गौरव को खतरा पैदा हो गया है, क्योंकि कांग्रेस ने अपने वोट बैंक की राजनीति के लिए सारी हदें पार कर दी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस शासन के दौरान दिल्ली ने असम को दूर रखा… देश की आजादी के बाद से कांग्रेस ने असम के अधिकारों का हनन किया है।’’

सिंह ने दावा किया कि भाजपा शासन में असम में 7,500 से अधिक उग्रवादियों ने हथियार डाला और वे मुख्यधारा में शामिल हुए।

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा ने भ्रष्टाचार का खात्मा किया और चाय बागान श्रमिकों को भूमि अधिकार देकर न्याय दिलाया… असम में राजग को दो-तिहाई बहुमत मिलने से कोई नहीं रोक सकता।’’

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘असम कांग्रेस मुक्त होने जा रहा है। केंद्र की तरह असम में भी लगातार तीसरी बार भाजपा नीत सरकार बनेगी।’’

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप