नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने मंगलवार को उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू से मुलाकात की और बेरोजगारी एवं बुनियादी ढांचे की कमी सहित कई मुद्दे उनके समक्ष उठाए।
यादव ने उपराज्यपाल से दिल्ली के निवासियों को प्रभावित करने वाली ‘ज्वलंत समस्याओं’ के समाधान में हस्तक्षेप करने का आग्रह भी किया।
पार्टी के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यादव ने दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में कृषि भूमि के सर्कल रेट में संशोधन की मांग करते हुए इसे लगभग 53 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ करने की मांग की।
बयान में कहा गया है, ”यादव ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, सरेआम गोलीबारी, अपहरण और नशीली दवाओं के व्यापार पर चिंता व्यक्त की।”
पार्टी नेता ने पानी की कमी, वायु प्रदूषण, नालों से गाद निकालने, जलभराव और खराब सड़कों के मुद्दे उठाए।
बयान में कहा गया है कि उपराज्यपाल ने आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों की जांच की जाएगी।
भाषा हक माधव नरेश
नरेश