नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को कहा कि डीडीए की योजना अगस्त के अंत तक राष्ट्रीय राजधानी के 101 जल निकायों के पुनरुद्धार की है।
उपराज्यपाल ने पश्चिम विहार स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क से दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के ‘जल संचय अभियान’ के तहत पुनरुद्धार अभियान की शुरुआत की।
संधू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पहले चरण में मानसून के दौरान भूजल स्तर बढ़ाने के लिए गाद निकालने और जलग्रहण क्षेत्र की सफाई के माध्यम से प्रयोजनमूलक पारिस्थितिक बहाली को प्राथमिकता दी जाएगी।’
उपराज्यपाल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जल सुरक्षा के दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप है और 30 अगस्त तक जल निकायों का पुनरुद्धार करने के लिए यह कार्य ‘मिशन मोड’ में किया जाएगा।
संधू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलाशयों के पुनरुद्धार को लेकर समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और कार्य निष्पादन के उच्चतम मानकों को बनाए रखें।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश