दिल्ली पुलिस ने मोहपाश में फंसाकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने मोहपाश में फंसाकर जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक ‘सेक्सटॉर्शन’ गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए पीड़ितों को मोहपाश में फंसाकर उनसे जबरन पैसे वसूलता था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

‘सेक्सटॉर्शन’ से अर्थ यौन उत्पीड़न के मामले में फंसाने का डर दिखाकर पैसे ऐंठना है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान अरमान (23) के रूप में हुई है, जिसे राजस्थान के डीग जिले के लाडमका गांव से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसे एक अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से फंसाकर धमकाया गया था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बाद में एक रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो भेजा, जिसमें पीड़ित भी नजर आ रहा है।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीड़ित से एक लाख रुपये की मांग की, साथ ही धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया जाएगा।

अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित ने डर के कारण पहले तो कुछ रकम भेज दी, लेकिन बार-बार पैसों की मांग के बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।’’

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर 13 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने धन के लेन-देन का विश्लेषण किया, जिसके तार राजस्थान के मेवात क्षेत्र से जुड़े।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप अरमान को गिरफ्तार किया गया।

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत