नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) दिल्ली में कनॉट प्लेस के पास स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में एक श्रद्धालु का मंगलसूत्र चुराने के आरोप में 36 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के नंदुरबार वैष्णवी चव्हाण चौहान के तौर पर हुई है और उसके पास से मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया है।
उत्तम नगर की रहने वाली एक महिला ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई कि मंगलवार को जब वह अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब गई थी, तो उसका सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया था।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि चोरी गुरुद्वारे के महिला स्नानघर में हुई, जहां एक अज्ञात महिला ने कथित तौर पर आभूषण चुरा लिया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस को गुरुद्वारे के परिसर में आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली। इस जानकारी के आधार पर, टीम ने उसे ढूंढ निकाला और हिरासत में ले लिया।
अधिकारी ने बताया, ‘महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान, उसके पास से चोरी हुआ सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया।’
शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता ने बरामद गहने की पहचान की, जिसके बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन