दिल्ली की बिजली कंपनियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षित तरीके से पतंग उड़ाने की अपील की

Ads

दिल्ली की बिजली कंपनियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षित तरीके से पतंग उड़ाने की अपील की

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:34 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दिल्ली में बिजली आपूर्ति कंपनियों ने स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन से पहले पतंग उड़ाने वालों के लिए परामर्श जारी करते हुए सावधानी बरतने और धातु की परत वाले मांझे का इस्तेमाल न करने की अपील की है।

आम तौर पर चीनी मांझा कहे जाने वाले धातु की परत वाले मांझे से करंट लग सकता है और बिजली के उपकरणों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे बड़े स्तर पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है।

बिजली आपूर्ति कंपनी बीएसईएस ने अपने परामर्श में कहा कि पतंग उड़ाने वालों को बिजली के उपकरणों और प्रतिष्ठानों से दूर रहना चाहिए।

कंपनी ने यह भी कहा कि धातु की परत वाले मांझे से बिजली की लाइनों के ट्रिप होने और करंट लगने का गंभीर खतरा पैदा होता है।

टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) ने भी स्वतंत्रता दिवस से पहले बिजली की लाइनों के पास सुरक्षित तरीके से पतंग उड़ाने की अपील की है।

कंपनी ने कहा कि सुरक्षित तरीके नहीं अपनाने से बिजली से जुड़ी दुर्घटनाएं, बिजली आपूर्ति में रुकावट और लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाला धातु की परत वाला मांझा बिजली की लाइनों के ट्रिप होने का कारण बन सकता है।

कंपनी ने लोगों से कांच की परत वाले मांझे या “चीनी मांझे” का इस्तेमाल न करने की अपील की है।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप