ईडी ने शबरिमला सोना ‘चोरी’ मामले में टीडीबी के पूर्व अधिकारी से पूछताछ की

Ads

ईडी ने शबरिमला सोना ‘चोरी’ मामले में टीडीबी के पूर्व अधिकारी से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 02:37 PM IST

कोच्चि, तीन फरवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शबरिमला मंदिर सोना ‘‘चोरी’’ से संबंधित धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मुरारी बाबू से पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज कर रही है।

जांच के तहत केरल के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बाबू को गिरफ्तार किया था और हाल में एक अदालत ने उन्हें जमानत दी।

इस मामले में पिछले महीने ईडी द्वारा छापेमारी की गई थी।

केरल पुलिस की प्रथमिकियों का संज्ञान लेते हुए ईडी ने नौ जनवरी को पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।

राजनीतिक रूप से संवेदनशील मामले की जांच केरल उच्च न्यायालय की निगरानी में राज्य की एक एसआईटी द्वारा पहले से ही की जा रही है।

यह जांच कई अनियमितताओं से संबंधित है, जिनमें आधिकारिक कदाचार, प्रशासनिक चूक और भगवान अयप्पा मंदिर के सोने की चोरी की आपराधिक साजिश शामिल है।

भाषा यासिर सुभाष

सुभाष