हावेरी (कर्नाटक), 30 जून (भाषा) कर्नाटक के हावेरी में कारा हुन्निमे उत्सव के तहत आयोजित बैल जुलूस के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर हुई झड़प में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को हंगल तालुक के नरेगल गांव में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि झड़प के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।
‘कारा हुन्निमे’ मुख्य रूप से उत्तरी कर्नाटक में हिंदू महीने ज्येष्ठ की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला एक पारंपरिक कृषि उत्सव है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना की शुरुआत दो व्यक्तियों के बीच हुए झगड़े से हुई थी जो बाद में झड़प में बदल गई। उन्होंने इस घटना में किसी भी सांप्रदायिक कोण से इनकार किया है।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कारा हुन्निमे उत्सव के लिए बैलों का जुलूस निकाला जा रहा था, तभी एक मस्जिद के पास पटाखे फोड़े गए, जिसे लेकर दो व्यक्तियों के बीच बहस हो गई थी। इसमें कथित तौर पर धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे आठ लोग घायल हो गए। घायलों का एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है, कर्नाटक के लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि हिंदू त्योहारों और परंपराओं को बार-बार निशाना क्यों बनाया जा रहा है।
भाजपा नेता ने गृह मंत्री प्रियंक खरगे पर निशाना साधते हुए उनसे अपनी आंखें खोलकर यह देखने को कहा कि उनकी ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ ने राज्य को कहां लाकर खड़ा कर दिया है।
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने परंपरा के अनुसार, किसान ‘कारा हुन्निमे’ के दौरान अपने सजाए गए बैलों का जुलूस निकालते समय पटाखे फोड़ते हैं।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव