नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने जानकारी दी है कि वह दुबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें टर्मिनल इलाइटिस नामक बीमारी हुई है, जिसमें छोटी आंत के अंतिम हिस्से में सूजन आ जाती है।
भसीन छुट्टियां मनाने के लिए दुबई गई थीं। उनका जन्मदिन 28 जून को था और उसी दिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि वह अब भी ‘खतरे से पूरी तरह बाहर नहीं हैं’, लेकिन वह भारत लौटकर अपना आगे का इलाज कराएंगी।
टर्मिनल इलाइटिस छोटी आंत के उस अंतिम हिस्से में होने वाली सूजन है, जो बड़ी आंत से जुड़ा होता है। यह बीमारी पूरी तरह ठीक होगी या नहीं, यह उसके मूल कारण पर निर्भर करता है। हालांकि, इसका इलाज संभव है और इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
अभिनेत्री ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने कहा,‘‘आपमें से बहुत से लोग मेरी सेहत को लेकर चिंतित हैं और इस बारे में अधिक जानकारी चाहते हैं। मुझे अभी अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है। अस्पताल के अनुसार मैं अभी विमान में बैठने की स्थिति में नहीं हूं, क्योंकि मैं अब भी पूरी तरह से खतरे से बाहर नहीं हूं।’’
भसीन ने बताया कि चिकित्सकों ने इंजेक्शन देकर उनकी हालत स्थिर की, ताकि वह दूसरे अस्पताल जा सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अपना घर, अपना ही होता है। किसी तरह चिकित्सकों ने इंजेक्शन देकर मेरी हालत स्थिर कर दी है और फिलहाल मैं हवाई अड्डे पर हूं। अब मैं भारत जाकर दूसरे अस्पताल में भर्ती होऊंगी और वहीं अपना इलाज कराऊंगी।’’
भाषा शोभना संतोष
संतोष